उत्तराखंड

हिमाचल के विद्यार्थियों ने हरिद्वार के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कशमैला के 43 विद्यार्थी और 5 शिक्षक तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर उत्तराखंड आए हुए हैं। भ्रमण के दूसरे और तीसरे दिन विद्यार्थियों ने हरिद्वार के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान किया तथा पायलट बाबा आश्रम और गुफाओं वाले वैष्णो माता मंदिर के दर्शन किए। जगजीतपुर स्थित पायलट बाबा आश्रम में महामंडलेश्वर माता ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने शिवालिक पहाड़ियों पर स्थित मनसा देवी मंदिर तक रोपवे की रोमांचक यात्रा का आनंद लिया।

शैक्षणिक भ्रमण के अगले चरण में विद्यार्थी जीवन प्रबंधन, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए शांतिकुंज आश्रम का दौरा करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण चन्द और भ्रमण प्रभारी चमन लाल ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें अनुशासन, समूह भावना और देश की सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान विकसित करना है। भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थी स्वस्थ, अनुशासित और उत्साहित नजर आए। शैक्षणिक यात्रा पूरी करने के बाद दल हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना होगा।

Related Articles

Back to top button