उत्तराखंड

लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 35 चालान और दो बसें सीज

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लग्जरी बसों के विरुद्ध परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान रविवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान 35 चालान किए गए और दो बसों को सीज किया गया। सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर यात्री सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

चेकिंग के दौरान बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, निर्धारित यात्री क्षमता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही अनधिकृत बदलाव और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की भी पड़ताल की गई। परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा परमिट की शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button