ज्वालापुर में स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर दीवार गिरी, दो कारें क्षतिग्रस्त; पानी की टंकी पर भी उठे सवाल

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दीवार देर रात तेज तूफान के कारण गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार स्वामी पारस श्रोत्रिय और पार्थ श्रोत्रिय ने बताया कि दीवार गिरने से दोनों कारों की छत और शीशे टूट गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अस्पताल की दीवार काफी पुरानी और जर्जर थी। गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ। यदि दिन में दीवार गिरती, तो व्यस्त सड़क पर बड़ा हादसा हो सकता था।

लोगों ने अस्पताल परिसर में लगी पुरानी पानी की टंकी की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए प्रशासन से जांच कराने की मांग की है। ज्वालापुर निवासी गंगा सभा के सचिव ने बताया कि दीवार के पास ही पानी की टंकी है। कुछ दिन पहले यहां रामलीला का आयोजन भी हुआ था, जिसके दौरान दीवार के बगल में दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि दीवार दशहरे से पहले नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।



