कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेने देर रात पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित
दीपावली से पहले हरकी पैड़ी के मंदिरों और घाटों का सौंदर्यीकरण पूरा करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार देर रात विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों, सड़क डामरीकरण, पेंटिंग और घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे तथा हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए डामरीकरण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।

हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों, घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दीपावली से पहले सभी संबंधित कार्य हर हाल में पूरे करने को कहा। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और रात्रिकालीन निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित संस्थाओं के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।



