उत्तराखंड

लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 35 चालान और 3 बसें सीज

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लग्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए और तीन बसों को सीज किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी मौजूद रहे, जिन्होंने बसों की तकनीकी स्थिति का निरीक्षण किया। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने जांच तेज कर दी है।

अभियान के दौरान बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही अनधिकृत बदलाव, तकनीकी खामियों और यात्री सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया। परिवहन विभाग ने बस संचालकों एवं चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और परमिट की शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। लग्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान, वाहन सीज करने सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button