उत्तराखंड

उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून में एक और मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राज्यपाल, भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और एक महिला के खिलाफ कथित आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक आरोपों से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो के मामले में देहरादून की नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में उर्मिला सनावर के साथ एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, हरिद्वार के मोती बाजार निवासी सागर ने नगर कोतवाली में शिकायत देकर बताया कि हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिस पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने राज्यपाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला के संबंध में कथित आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं।

शिकायत में कहा गया है कि बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के इस तरह के आरोप प्रसारित किए जाने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही वीडियो के प्रसार से समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने तथा महिला की निजता और सामाजिक छवि प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

चार धाराओं में मुकदमा, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

पहले मामले में न्यायिक हिरासत में भेजी गई थीं उर्मिला
इससे पहले 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में दर्ज एक अन्य मुकदमे में पुलिस ने उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। यह मुकदमा पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणी कर उनकी लज्जा भंग करने और परिवार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया था।

Related Articles

Back to top button