उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने टीएचडीसी टनल हादसे का लिया जायजा

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि तीन लोगों की तलाश जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है। रेस्क्यू किए गए घायलों का जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में उपचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घायलों के उपचार, परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बचाव अभियान को पूरी गंभीरता और सावधानी से जारी रखने को कहा।

इस दौरान काबीना मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बचाव दलों के कार्मिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button