उत्तराखंड

अज्ञात वाहन की टक्कर से कांवड़ लेने जा रहे युवक की मौत, तीन घायल

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

रुड़की। हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे चार युवकों की दो बाइकों को हकीमपुर तुर्रा गांव के पास शनिवार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर भगवानपुर की ओर से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। हकीमपुर तुर्रा गांव के पास पहुंचने पर एक अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। हादसे में नन्हे लाल पुत्र चेतराम (32 वर्ष), निवासी बंदायू, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं बृजपाल पुत्र रामपाल (40 वर्ष), निवासी फरीदपुर, बरेली और साहिब सिंह पुत्र जगदीश (33 वर्ष), निवासी बिजौली, बंदायू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सन्दीप पुत्र जगदीश, निवासी बिजौली, बंदायू को सामान्य चोटें आई हैं। बताया गया कि चारों युवक हिमाचल प्रदेश में रह रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button