उत्तराखंड

जिला पंचायत कार्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

किरण चौधरी ने किया ध्वजारोहण, शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का आह्वान

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी (राजेंद्र सिंह) ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिला पंचायत सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में हरिद्वार जनपद की भी अग्रणी भूमिका रही है। देश को आजादी दिलाने के लिए अनेक वीर शहीदों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी से शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी की भागीदारी से ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा देश एवं प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

जिला पंचायत के माध्यम से जनपद के गांवों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा अनेक जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान ने कहा कि 15 अगस्त केवल एक तारीख नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करने का दिन है। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत सदस्य दर्शना ने भी देशवासियों एवं उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के नेतृत्व में कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा सफाई अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य अधिकारी महेश विश्नोई, वित्त अधिकारी राजेश प्रसाद सती, अभियंता संजय, जिला पंचायत सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button