बीटी गंज में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण
शहीदों के बलिदान को याद कर देश की एकता, अखंडता और विकास का लिया संकल्प

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
रुड़की। बीटी गंज (सुभाष गंज) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। नगर की प्रथम महिला मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी तथा नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने देश की आजादी तथा आजादी के बाद देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सिरमौर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम सभी को देश की एकता, अखंडता और मजबूती के लिए मिल-जुलकर कार्य करने तथा अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी नगरवासी अपने नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

समारोह में स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद हरपाल सिंह साथी, पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री रश्मि चौधरी, कांग्रेस नेता आशीष, भाजपा नेता एडवोकेट नवीन कुमार जैन, अनूप राणा, सुनीता गोस्वामी, सरस्वती रावत, राखी चंद्रा, शक्ति सिंह राणा, पंडित राजकुमार दुखी, पार्षद डॉ. नवनीत शर्मा, आकाश जैन, सावित्री मंगला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित दिनेश कौशिक ने किया।



