परम् कल्याणकारी है शिव आराधना: स्वामी नागेंद्र महाराज

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। श्यामपुर कांगड़ स्थित शिवालय निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि भगवान शिव ही संसार का आदि और अनंत हैं। श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि भगवान शिव की आराधना परम् कल्याणकारी और कभी निष्फल नहीं जाती। विशेष रूप से सावन में की गयी भगवान शिव की आराधना विशेष पुण्यदायी है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव अत्यंत सरल और भोले हैं। इसीलिए उन्हें भोलेनाथ कहा जाता है। महादेव शिव बेल पत्र और एक लोटा गंगा जल अर्पित करने से ही प्रसन्न हो जाते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण कर देते हैं।

स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि सभी को सावन में नियम, वचन ओर कर्म से सात्विक रहकर भगवान शिव की आराधना अवश्य करनी चाहिए। पवित्र और सात्विक मन से भगवान शिव का जलाभिषेक करें। ओम नमः शिवाय के मंत्र के साथ जलाभिषेक करते हुए माता पार्वती का भी ध्यान करें। ऐसा करने से भगवान शिव और माता पार्वती दोनों की संयुक्त कृपा प्राप्त होती है। जिससे सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है।



