उत्तराखंड

मृत व्यक्ति को जिंदा बताकर जमीन हड़पने की साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। मृत व्यक्ति को जीवित बताकर उसका प्रतिरूपण करने और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के प्रयास के मामले में कनखल कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कविनगर, गाजियाबाद निवासी शशांक त्यागी पुत्र वीरेंद्र ने 14 अगस्त को कनखल कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आशुतोष विहार, जगजीतपुर कनखल निवासी शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोप है कि साजिश के तहत मृत व्यक्ति विनोद कुमार को जीवित दर्शाते हुए उसका प्रतिरूपण किया गया तथा भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए।

इन दस्तावेजों को असली बताकर इस्तेमाल करते हुए धोखाधड़ी के जरिए जमीन हड़पने का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर कनखल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल और साक्ष्य संकलन के बाद मुकदमे में नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस टीम में एसएसआई अनुज सिंह, एसआई नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जसबीर चौहान और कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button