त्रिमूर्ति नगर चौराहे का नाम नेताजी के नाम पर रखने की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी ने नवनिर्मित त्रिमूर्ति नगर चौराहे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखने तथा चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मेयर किरण जैसल को मांग पत्र सौंपा। पार्षद अहसान अंसारी ने बताया कि चौराहे के उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों ने नेताजी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग मेयर के समक्ष रखी थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की भावनाओं को देखते हुए मेयर ने प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी।

पार्षद ने मेयर से घोषणा के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि चौराहे का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखने और उनकी प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी तथा युवा पीढ़ी को नेताजी के साहस, राष्ट्रभक्ति और देशसेवा से प्रेरणा मिलेगी।



