हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत के पास मिला 10 फीट लंबा अजगर

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में मेंटेनेंस के लिए खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के पास करीब 10 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। अजगर ट्रेन के नीचे से निकलकर कोच के आसपास पहुंच गया और अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था। समय रहते रेल कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही हरिद्वार रेंज की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वन दारोगा आरती पंत, फॉरेस्ट गार्ड राहुल और वनकर्मी लाखन ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

इसके बाद उसे रेलवे परिसर से दूर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। हरिद्वार रेंज के अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि रेलवे की वाशिंग लाइन में ट्रेन के नीचे अजगर मिलने की सूचना पर टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि आबादी या सार्वजनिक स्थान पर वन्यजीव दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।



