हरिद्वार में 116 खिलाड़ियों ने दिया चयन ट्रायल
हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो और कराटे में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं। प्रथम दिवस रोशनाबाद स्थित योगस्थली खेल परिसर में हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो और कराटे के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। चार आयु वर्गों में आयोजित ट्रायल में विकासखंड, नगर निगम और नगर पालिका स्तर से चयनित कुल 116 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 77 बालक और 39 बालिकाएं शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में बैट्री टेस्ट के साथ खेल एवं स्पर्धा-विशिष्ट कौशल और दक्षता का मूल्यांकन किया गया। बैट्री टेस्ट में 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, 6×10 शटल रन, मेडिसिन बॉल थ्रो और 800 मीटर दौड़ शामिल रही। मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग में प्रत्येक खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये छात्रवृत्ति तथा वर्ष में 10,000 रुपये खेल उपकरण के लिए डीबीटी के माध्यम से दिए जाएंगे।

कल पांच खेलों के ट्रायल
21 अगस्त को योगस्थली खेल परिसर में सुबह 8 बजे से बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, फुटबॉल, टेबल टेनिस और वॉलीबॉल के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया जिला खेल विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग और युवा कल्याण विभाग के समन्वय से संचालित की जा रही है।



