उत्तराखंड

हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का भव्य शुभारंभ

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन ही व्यापारियों, छात्रों और आम लोगों में एक्सपो को लेकर उत्साह देखने को मिला। एक्सपो में केंद्र सरकार सहित करीब छह राज्यों के विभागों और कंपनियों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। एक्सपो का उद्देश्य एमएसएमई, कृषि, हॉर्टिकल्चर और नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक और नए बाजारों की जानकारी उपलब्ध कराना है। यहां उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ सिक्किम, तेलंगाना और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आयुर्वेदिक, हर्बल, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा, हस्तशिल्प, कृषि और हॉर्टिकल्चर उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं। पत्रकारों से वार्ता करते हुए सिडकुल निर्माता संघ के सचिव एवं भारती मीडिया एंड इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि विवेक चौहान ने कहा कि एक्सपो स्थानीय व्यापारियों, युवाओं और नए उद्यमियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। उन्होंने बताया कि एक्सपो में सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एमएसएमई ग्रोथ, कृषि और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

सिक्किम सरकार के हॉर्टिकल्चर विभाग की अधिकारी श्रुति सेफई ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के मंच से राज्य के ऑर्गेनिक और हॉर्टिकल्चर उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे तथा विभिन्न राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे। स्थानीय व्यापारी एवं गुड लिविंग ऑर्गेनिक के निदेशक विकास कुमार ने कहा कि एक्सपो से स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, पब्लिसिटी और व्यापारिक नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, क्रॉसविंड सॉल्यूशंस-ड्रोन व टेक के रोहन शर्मा ने बताया कि एक्सपो में युवाओं और छात्रों को ड्रोन टेक्नोलॉजी, यूएवी और रोबोटिक्स की जानकारी दी जा रही है। छात्रों ने पहले ही दिन इन तकनीकों में काफी रुचि दिखाई।

Related Articles

Back to top button