उत्तराखंड

अमन हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल; तीनों गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीनों कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 23 अगस्त की देर रात नगला इमरती के पास पुलिस और बाइक सवार तीन संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा, पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए उसके दोनों साथियों को भी पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अमन की हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार दबिश और तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 23 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरभ के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर अमन की हत्या में अपने दो अन्य साथियों के साथ शामिल होने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश में कांबिंग अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी, निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष तथा दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव, निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटना में प्रयुक्त हथियारों और आरोपियों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button