उत्तराखंड

बेटी की हत्या के मामले में पिता समेत दो गिरफ्तार, गंगनहर में फेंका शव

मंगलौर पुलिस ने किया 13 वर्षीय किशोरी की हत्या का खुलासा, आरोपियों की निशानदेही पर बाइक और तमंचा बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने 13 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके पिता धनेश्वर उर्फ तोता और उसके साथी आशीष उर्फ धोल्ला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, धनेश्वर को अपनी बेटी के किसी व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर किशोरी की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, बीती 27 जुलाई को दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से किशोरी को माता मंदिर के पास स्थित पुल पर ले गए। वहां कथित तौर पर कमीज से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया।

पुलिस द्वारा गंगनहर में किशोरी के शव की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी धनेश्वर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी भगवान महर, एसएसआई सुखपाल, एसआई आनंद मेहरा, कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल सुधीर और कांस्टेबल अजीज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button