जमीन विवाद में तीन सगे भाई गिरफ्तार, NBW जारी होने के बाद श्यामपुर पुलिस की कार्रवाई

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर भाई और उसके परिजनों से मारपीट, गाली-गलौच तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ श्यामपुर थाने में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायालय से तीनों के गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किए थे। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्यामपुर निवासी महिला की तहरीर पर नूर मोहम्मद, रफी और आरिफ के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी, गलत नीयत से हाथ फेरने और मुक्का मारकर घायल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके बाद 11 अगस्त को तीनों आरोपियों पर अपने भाई शाहनवाज के साथ लाठी-डंडों से मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा। शाहनवाज की तहरीर पर 14 अगस्त को दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों मामलों की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर विवेचक ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवाए। वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नूर मोहम्मद, रफी और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



