जनसुनवाई में 70 शिकायतें दर्ज, 34 का मौके पर निस्तारण

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित हुई। विभिन्न विभागों से संबंधित 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 34 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन पर सख्ती
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को 31 अगस्त तक हर हाल में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों का अगस्त माह का वेतन आहरित नहीं करने की चेतावनी दी गई। एल-1 स्तर पर 382 और एल-2 स्तर पर 98 शिकायतें लंबित मिलीं। शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के समाधान के भी निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता तथा सीएमओ डॉ. आरके सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



