उत्तराखंड

पुलिस अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधकर उत्तरांचल पंजाबी महासभा महिला विंग ने मनाया रक्षाबंधन

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अनु कक्कड़ के नेतृत्व में हरिद्वार जिला इकाई ने रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्रीमती रेनू अरोड़ा के नेतृत्व में महिला विंग की टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस अधीक्षक अभय सिंह एवं सिटी सर्किल ऑफिसर शिशुपाल सिंह नेगी को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु, सुरक्षा एवं कर्तव्यनिष्ठा की कामना की। प्रदेश उपाध्यक्ष अनु कक्कड़ ने कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा का उद्देश्य सामाजिक कार्यों के साथ समाज की सेवा में जुटे लोगों का सम्मान करना भी है। रक्षाबंधन पर पुलिस अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधने की पहल इसी भावना का हिस्सा है। उन्होंने जिला टीम को इस सुंदर पहल के लिए बधाई देते हुए प्रदेश एवं देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। महिला विंग की बहनों ने कहा कि पुलिस समाज की वास्तविक रक्षक है। जिस प्रकार भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी प्रकार पुलिसकर्मी दिन-रात आमजन, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। त्योहारों पर भी पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में डटे रहते हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को बांधा गया रक्षा सूत्र सम्मान और विश्वास का प्रतीक है।

जिला अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को राखी बांधकर महिला विंग ने यह संदेश दिया है कि पूरा पंजाबी समाज और हरिद्वार की मातृशक्ति पुलिस के साथ खड़ी है। उन्होंने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर एवं पूरी पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रशंसनीय बताया। कार्यक्रम में जिला टीम की महामंत्री श्रीमती मिनी पुरी एवं श्रीमती आयुषी टंडन तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती शालू आहूजा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं। सभी ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच भाई-बहन का यह पवित्र रिश्ता आपसी विश्वास, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करेगा। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने उत्तरांचल पंजाबी महासभा महिला विंग की इस पहल की सराहना की और हरिद्वार की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। जिला अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने सभी प्रदेश एवं देशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button