उत्तराखंड

रानीपुर में ज्वेलर्स से लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

हिमांशु (संवाददाता)

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में ज्वेलर्स से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के आभूषण, सिक्के, मूर्ति, पेंडल, एप्पल आईफोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैग तथा वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को शिवलोक कॉलोनी फेज-3 निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और शिवलोक कॉलोनी के पास उनका बैग लूट लिया। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रानीपुर पुलिस और सीआईयू की टीम ने घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों से डिजिटल साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीएचईएल मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रितिक उर्फ टोपो (22), सौरभ (19) और राजीव सैनी उर्फ सागर (21) के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। सामान लेने के लिए कनखल आने-जाने के दौरान उन्होंने ज्वेलर्स पर नजर रखनी शुरू की। 11 अगस्त को भी उन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वारदात नहीं कर सके। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने ज्वेलर्स का पीछा कर शिवलोक कॉलोनी के पास कैंची से बैग का पट्टा काटकर बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक के कमरे से लूटा गया सामान बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है। रितिक उर्फ टोपो के खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button