उत्तराखंड

उत्तराखंड शासन में छह अधिकारियों के दायित्व बदले, आनंद श्रीवास्तव को मिली कृषि एवं उद्यान महानिदेशक की जिम्मेदारी

कलयुग दर्शन (24×7)

सोहन लाल (संवाददाता)

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने देर रात प्रशासनिक स्तर पर छह अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। तबादला सूची में आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसे फिलहाल सामान्य प्रशासनिक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव का है। उन्हें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पद पिछले कुछ समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, लेकिन उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद पद खाली था। वहीं विजय कुमार जोगदंडे को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के साथ अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस ले लिया गया है। पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से भी अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है।

बताया जा रहा है कि सेमवाल जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्व सीमित किए जा रहे हैं। सचिवालय सेवा के अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं प्रमोशन के बाद नई तैनाती का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव पद पर तैनात करते हुए अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शासन की ओर से जारी छह अधिकारियों की सूची को नियमित प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। हालांकि, आने वाले दिनों में शासन और जिलों के स्तर पर संभावित बदलावों को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button