गणेशपुर दोहरा हत्याकांड: सगी बहनों की गोली मारकर हत्या, सगा भाई गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों हत्याओं के आरोप में मृतकों के सगे भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। वारदात के दौरान गोली लगने से आरोपी का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की रात गणेशपुर रुड़की निवासी अर्जुन सिंह ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। फायरिंग में उसके मौसा को भी गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी की तलाश में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर पुलिस ने विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। चंद घंटों के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी को हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।



