उत्तराखंड

ईद मिलादुन्नबी पर अकीदतमंदों ने निकाला जुलूस, चादर लेकर कलियर शरीफ रवाना

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के मुबारक मौके पर धनपुरा, घिस्सुपुरा, मुस्तफाबाद, पदार्था, फेरुपुर, नसीपुर कला, कटारपुर समेत दर्जनों गांवों से सैकड़ों अकीदतमंद चादर लेकर पैदल कलियर शरीफ के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरा क्षेत्र या रसूल अल्लाह के नारों और नात शरीफ से गूंजता रहा। फज्र की नमाज के बाद से ही गांवों में ईद मिलादुन्नबी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थीं। मस्जिदों में नातख्वानी हुई। सुबह करीब नौ बजे अकीदतमंद सजी हुई चादरें कंधों पर लेकर जुलूस की शक्ल में कलियर शरीफ के लिए निकले। जुलूस में बुजुर्ग, नौजवान और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल रहे। जुलूस के धनपुरा पीठ बाजार पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर तथा माला पहनाकर जायरीनों का स्वागत किया। इस दौरान बसपा नेता हाजी इरशाद अंसारी, बीडीसी सदस्य साजिद अंसारी, मुंशी शकील, विधायक अनुपमा रावत और जिला पंचायत सदस्य जयंत चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जायरीनों के स्वागत के साथ सेवा शिविर भी लगाए गए। स्थानीय दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से फल, पानी, समोसे और शरबत वितरित किया गया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने पैदल जा रहे अकीदतमंदों को शरबत पिलाया तथा बुजुर्गों के लिए बैठने की व्यवस्था भी की।

त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। थानाध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की गई। हालांकि, जुलूस के दौरान फेरुपुर चौकी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि हजारों की भीड़ सड़क पर होने के बावजूद तेज रफ्तार ट्रक और डंपर जुलूस के बीच से गुजरते रहे, जिससे हादसे का खतरा बना रहा। ग्रामीणों ने पुलिस से भारी वाहनों को रोकने की मांग की और चौकी पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। इस मौके पर समाजसेवी मो. सलीम, अहसान, जाखिर, भूरा, मां गुलशनव्वर, इरशाद, पूर्व प्रधान सलीम अहमद, प्रधान प्रतिनिधि मो. तस्लीम, जुलकर अंसारी, रियासत अली, मुकेश कुमार सराय, सुरेश कुमार, ओमपाल, लोकेश कुमार, नितिन कुमार, प्रभुधुन, डॉ. अरुण बरनाला, अवनीश, मुस्तफा अंसारी, शादाब नेता, पूर्व प्रधान कालू हसन सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button