महंगाई-बेरोजगारी दूर करने में सरकार विफल, जनसरोकारों से कोई लेना-देना नहीं: आलोक शर्मा

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की लचर नीतियों के चलते देश में 94 हजार स्कूल बंद हो चुके हैं और करीब 9 करोड़ युवा शिक्षा एवं रोजगार से बाहर हो चुके हैं। बढ़ती महंगाई गरीब और मध्यम वर्ग के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन रही है, जबकि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। आलोक शर्मा ने कहा कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम परिवारों, विशेषकर महिलाओं के सामने रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार महंगाई और बेरोजगारी को दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को वास्तविक मुद्दों से भटकाया जा रहा है और सरकार का जनसरोकारों से कोई लेना-देना नहीं है। पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस ओबीसी विभाग के ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास चंद्रा ने चार विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंपकर जिम्मेदारी दी। इनमें रानीपुर से नंदलाल यादव, ज्वालापुर ग्रामीण से मुसर्रत अली, हरिद्वार ग्रामीण से विनोद कश्यप और लक्सर से विकास सैनी शामिल हैं।

विकास चंद्रा और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर ‘जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी जिम्मेदारी’ के सिद्धांत के तहत ओबीसी समाज को संगठन से जोड़ने का काम बड़े पैमाने पर किया जाएगा। गांव-गांव जाकर ओबीसी समाज की बैठकें आयोजित की जाएंगी। मनोज सैनी ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों का सम्मान करती है और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रेसवार्ता में सोम त्यागी, जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, अक्षय नागपाल, अमित, विनोद कश्यप, नंदलाल यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



