उत्तराखंड

पति पर दूसरी महिला को घर में रखने और धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप

सहमति के बिना दूसरी महिला को घर में रखने का दावा, शिकायत के बाद पति गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। महिला ने पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि उसका पति उसकी सहमति के बिना एक अन्य हिंदू महिला को घर में रख रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि उक्त महिला का नाम बदलकर शबनूर रखा गया और उसका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने पति के परिवार के कुछ लोगों पर भी साथ देने का आरोप लगाया है।

महिला के अनुसार, उसने 10 सितंबर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से सुल्तानपुर पुलिस चौकी को शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीओ लक्सर को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद होगी कार्रवाई। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button