उत्तराखंड

धर्मशालाओं पर कमरे के हिसाब से यूजर चार्ज का कांग्रेस ने किया विरोध

नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शुल्क वापस लेने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। धर्मशालाओं से कूड़ा संग्रह के नाम पर प्रति कमरे के हिसाब से वसूले जा रहे यूजर चार्ज के विरोध में कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के संयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त नंदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि धर्मशालाओं और आश्रमों से कूड़ा संग्रह के नाम पर मनमाने तरीके से यूजर चार्ज वसूलना उचित नहीं है। मनोज सैनी ने कहा कि आश्रम और धर्मशालाओं में यात्रियों की आवाजाही मुख्य रूप से यात्रा सीजन में होती है। इसके बावजूद धर्मशाला संचालक टैक्स, सीवर और पानी समेत विभिन्न शुल्क पहले से ही जमा करते हैं। ऐसे में प्रत्येक कमरे के हिसाब से अतिरिक्त यूजर चार्ज लगाना न्यायसंगत नहीं है। सोम त्यागी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यह निर्णय वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन करेगी।

ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा और एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरने वाले तीर्थयात्रियों से सीमित शुल्क लिया जाता है। ऐसे में प्रत्येक कमरे के आधार पर यूजर चार्ज लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता, मध्यम वर्ग और व्यापारी पहले से महंगाई की मार झेल रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त यूजर चार्ज का बोझ स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान आशु भारद्वाज, सागर बेनीवाल, आनंद पांडे, दीपक मोदी, उदित विद्याकुल, विनोद कश्यप, नवीन सेंस, देवेश, अंकित चंद्र, शुभम जागरिया, आशीष शर्मा, अनिल ठाकुर, यश शर्मा, संजय कुमार, प्रशांत, आशु श्रीवास्तव और बीपीएस तेजियान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button