उत्कृष्ट कार्य के लिए सहायक अभियंता प्रवेश कुमार सम्मानित
राजभवन में मिला प्रशस्ति पत्र, हरिद्वार पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया स्वागत

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान हरिद्वार के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग में तैनात सहायक अभियंता ई. प्रवेश कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता से सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।

सहायक अभियंता प्रवेश कुमार प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, हरिद्वार में विभागीय निर्माण एवं सड़क संबंधी कार्यों के संचालन और निगरानी से जुड़े दायित्व संभाल रहे हैं। हरिद्वार में बढ़ते यातायात, तीर्थयात्रियों की आवाजाही और आगामी बड़े आयोजनों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन में किए गए प्रयासों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। राजभवन में सम्मान प्राप्त करने के बाद बुधवार को हरिद्वार पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फूलमाला पहनाकर प्रवेश कुमार का स्वागत किया। सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सम्मान को विभाग के लिए गौरव का विषय बताया।



