उत्तराखंड

18 घंटे में सकुशल मिली 20 दिन की दूधमुंही बच्ची

पुलिस ने महिला को बच्ची समेत चमगादड़ टापू से किया बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पंडित दीनदयाल पार्किंग के समीप परिवार के साथ रह रही 20 दिन की दूधमुंही बच्ची के अचानक लापता होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की तत्परता से बच्ची को महज 18 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को रामबाबू पुत्र बिरजू मुखिया, निवासी झुमरी, थाना पीपलाकोठी, जनपद मोतिहारी, बिहार ने चौकी रोड़ीबेलवाला में सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ पंडित दीनदयाल पार्किंग, ऊंचा पुल के नीचे रह रहा है। इसी दौरान सोना नाम की महिला उनकी 20 दिन की बच्ची को बिना बताए अपने साथ ले गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने चमगादड़ टापू से सोना नाम की महिला को बच्ची समेत सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button