सर्वानंद घाट के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप
गर्दन और शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका में जांच तेज

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सर्वानंद घाट के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। मृतक के शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच है। समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मौके पर मिले वाहन के टायरों के निशान
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास वाहन के टायरों के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मृतक वहां किसी वाहन से पहुंचा था अथवा शव को किसी वाहन से लाकर यहां छोड़ा गया। घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मृतक की पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक घटनास्थल पर कब पहुंचा और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



