सफल कार्यकाल के बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को दी गई भावभीनी विदाई, देहरादून के नए अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) बने

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
रुड़की। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल जनपद हरिद्वार में करीब पौने दो साल (22 माह) तक बतौर एसपी देहात अपनी सेवाएं देने पर शेखर चंद्र सुयाल को पुलिस महकमे द्वारा गरिमामय और भावुक माहौल में विदाई दी गई। शासन द्वारा हाल ही में जारी तबादला सूची के तहत उन्हें अब जनपद देहरादून में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरिद्वार से प्रस्थान से पूर्व पुलिस कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी क्राइम व ट्रैफिक निशा यादव समेत जिले के तमाम सीओ और पुलिस अधिकारियों ने शेखर चंद्र सुयाल के कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया।

अपराध नियंत्रण और कुशल कार्यशैली की हुई सराहना समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि पिछले बाइस महीनों में शेखर चंद्र सुयाल ने हरिद्वार में अपराध नियंत्रण, पेचीदा मामलों के सटीक अनावरण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में अनुकरणीय योगदान दिया। विशेष रूप से विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने में उनकी प्रशासनिक दक्षता का अहम रोल रहा। अधिकारियों ने उनकी मृदुभाषी कार्यशैली और एक उत्कृष्ट मंच संचालक के रूप में उनकी कला की भी जमकर तारीफ की और स्मृति चिन्ह भेंट कर दी भावुक विदाई दी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने शेखर चंद्र सुयाल को फूल-मालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अफसरों ने भविष्य में पुनः एक साथ काम करने की इच्छा भी जताई, वहीं शेखर चंद्र सुयाल ने अपने विदाई भाषण में कहा कि हरिद्वार में काम करने का अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले अभूतपूर्व सहयोग के लिए अपने सभी सीनियर व जूनियर सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ यातायात विपेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक सहित पुलिस लाइन और जिला पुलिस कार्यालय के कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



