उत्तराखंड

566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल-अल्प्राजोलम कैप्सूल-गोलियों के साथ आरोपी गिरफ्तार

मेडिकल स्टोर के बाहर संदिग्ध हालत में मिला, पुलिस को देखकर भागने का किया प्रयास

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम कैप्सूल-गोलियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मेडिकल स्टोरों के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पथरी पुलिस टीम ग्राम ऐथल क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के आसपास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम कैप्सूल-गोलियां बरामद हुईं। बरामद दवाओं के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पथरी थाने में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौफीक पुत्र अल्लादिया, निवासी ग्राम ऐथल, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button