40 साल से दुकान पर काबिज किराएदार ने सीएम पोर्टल पर लगाई गुहार
दूसरे पक्ष पर फर्जी हक जताने और धमकी देने का आरोप, नगर आयुक्त ने जांच का दिया भरोसा

कलयुग दर्शन (24×7)
विनय कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। रेलवे रोड स्थित चित्रा टॉकीज के सामने दुकान पर करीब 40 वर्षों से काबिज बलवीर सिंह चौहान ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। उन्होंने दूसरे पक्ष पर फर्जी तरीके से दुकान पर हक जताने, रकम मांगने और दुकान खाली करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत में बलवीर सिंह ने बताया कि वह वर्ष 1986 से तत्कालीन नगर पालिका के नियमों के तहत वैध किराएदार के रूप में नाले के ऊपर बनी विस्थापित दुकान पर काबिज हैं और संबंधित कर भी जमा करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि हाल में नगर निगम में दस्तावेज जमा कराने के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने खुद को दुकान का वारिस बताते हुए उस पर दावा किया। बलवीर सिंह ने वर्ष 2010 में जारी एक डिमांड ड्राफ्ट की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने तथा नगर निगम के अभिलेखों में उनका नाम दर्ज रखते हुए दुकान पर कब्जा बरकरार रखने की मांग की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।




