उत्तराखंड

गांधी जयंती व शास्त्री जयंती पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम, डीएम ने दिए तैयारियों के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी राजकीय भवनों पर प्रातः 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके जीवन-संघर्ष, देशसेवा, विचारों एवं जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। विद्यालयों एवं कॉलेजों में गांधी जी के जीवन और विचारों पर व्याख्यान, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सामाजिक समरसता, जातिगत भेदभाव समाप्त करने, राष्ट्रीय एकता-अखंडता तथा युवाओं को नशे से दूर रखने जैसे विषयों पर जागरूक किया जाएगा। प्रौढ़ शिक्षा, साक्षरता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर भी जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे। महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ घरेलू हिंसा के प्रति जागरूकता और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रमों में स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी की भूमिका तथा उत्तराखंड में उनके प्रभाव की जानकारी भी दी जाएगी। गांधी जी के सादा जीवन, उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा एवं सर्वधर्म समभाव जैसे आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धर्म, जाति, भाषा एवं रंग के आधार पर भेदभाव समाप्त कर आपसी सद्भाव, सहयोग और सामाजिक समरसता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा खादी, लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा उनके विकास के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम शासन के निर्देशों के अनुरूप गरिमापूर्ण, प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाएं।

Related Articles

Back to top button