हैप्पी हत्याकांड का खुलासा, एक और मुख्य आरोपी गिरफ्तार
हत्या में प्रयुक्त तमंचा, खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद की है। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शांतिरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक निर्देश दिए थे। साथ ही एक आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक फतेहपुर थाना क्षेत्र में देखा गया है।

सूचना पर बहादराबाद पुलिस ने सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, इस्तकार को शक था कि वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी ने उसके संबंध में पुलिस को सूचना दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को हत्या की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, निवासी ग्राम शांतरशाह, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद की है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।



