सत्यम पाठशाला के बच्चों ने किया जिला मुख्यालय का भ्रमण
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित समेत अधिकारियों ने बच्चों से किया संवाद, लक्ष्य तय कर मेहनत करने की दी सीख

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। सत्यम पाठशाला के बच्चों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी ली। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह तथा एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन और यातायात नियमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अधिक इस्तेमाल से बचने तथा समय का सदुपयोग पढ़ाई एवं रचनात्मक गतिविधियों में करने की सलाह दी। एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव ने कहा कि प्रत्येक बच्चा आईएएस या आईपीएस अधिकारी बनने का लक्ष्य रख सकता है। इसके लिए पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और निरंतर मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने शिक्षा के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से समाचार पढ़ने और आसपास की गतिविधियों से अवगत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गलत आदतों से बचते हुए सही और गलत की पहचान करना जरूरी है। सत्यम पाठशाला के संचालक अरुण कश्यप ने बताया कि बच्चों को शिक्षा के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पाठशाला का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर बच्चों को प्रशासनिक अधिकारियों से मिलवाया जाता है, ताकि उन्हें उचित मार्गदर्शन और भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। इस दौरान शिक्षिका रेणु देवी सहित आशा, वैष्णवी, शिवम, अश्विन, शालू, आयुष, हंसिका, तेजस, शौर्य, प्राणिका, प्रणव, मीरा, पायल, कृष्णा, श्रेष्ठ, देवांशु, शिवानी, दिव्यांका, मानवी, अनु और वांशिका आदि बच्चे मौजूद रहे।



