डीएम ने भूपतवाला-सप्तसरोवर में सड़क मरम्मत कार्य का किया निरीक्षण
धीमी गति पर कॉन्ट्रैक्टर को फटकार, एक सप्ताह में मरम्मत और 15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को भूपतवाला के पुराना एआरटीओ चौक, सप्तऋषि मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सड़कों तथा उनके मरम्मत एवं पुनर्स्थापना कार्य की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क मरम्मत कार्य धीमी गति से होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कॉन्ट्रैक्टर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोनिवि एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।

साथ ही सीवरेज कार्य से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को भी एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को अनधिकृत होर्डिंग, पोस्टर व बैनर हटाने तथा अव्यवस्थित तारों को ठीक कराने के निर्देश दिए। नगर निगम अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने और कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



