उत्तराखंड

चुनाव लड़ने पर जान से मारने की धमकी, लक्सर विधानसभा प्रभारी को मिला पत्र

बच्चों और परिवार को भी निशाना बनाने की चेतावनी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। चुनावी तैयारियों के बीच आजाद समाज पार्टी के लक्सर विधानसभा प्रभारी इकराम हसन को डाक के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि धमकी भरे पत्र में चुनाव लड़ने पर इकराम हसन और उनके बच्चों को जान से मारने की चेतावनी दी गई है। मामले में उनकी तहरीर पर कोतवाली लक्सर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इकराम हसन के अनुसार, वह करीब 15 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में आजाद समाज पार्टी के लक्सर विधानसभा प्रभारी हैं। उन्हें डाक के माध्यम से एक पत्र मिला, जिसमें चुनाव लड़ने से रोकने की धमकी दी गई है। शिकायत में पत्र का ट्रैकिंग नंबर भी दर्ज कराया गया है।

इकराम हसन का आरोप है कि पत्र में उन्हें चुनाव लड़ने पर उनके बच्चों, भाइयों और उनके बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्र मिलने के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। उन्होंने पुलिस से पत्र भेजने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पत्र और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button