उत्तराखंड

भूपतवाला क्षेत्र में सड़क निर्माण के नाम पर की जा रही लीपापोती: आचार्य पारस मुनि

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। विश्व सद्भावना मंदिर के परमाध्यक्ष आचार्य पारस मुनि महाराज ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में 2027 में हरिद्वार के गंगा तट पर कुंभ मेला संपन्न होना है। सरकार कुंभ मेले को भव्य और दिव्य बनाने के लिए निरंतर कदम उठा रही है। लेकिन कुछ अधिकारियों की लापरवाही के चलते सरकार के प्रयास सार्थक नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूमा निकेतन, वैष्णो देवी मंदिर और भारत माता मंदिर की सड़क 2009 में बनायी गयी थी। इसके बाद से सड़क की देखभाल के लिए कुछ नहीं किया गया। जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने के आदेशों का पालन भी नहीं किया जा रहा है। वर्तमान में सड़क निर्माण के नाम पर तारकोल डालकर लिपापोती की जा रही है। अधिकारियों से बात करने पर बजट खत्म होने की बात की जा रही है।

कुंभ मेला शुरू होने में तीन महीने रह गये हैं और संत बाहुल्य क्षेत्र की सड़क बनाने में लीपापोती चिंताजनक है। जिससे कुंभ मेले के भव्य दिव्य आयोजन पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी ने भी सड़क को बेहतर तरीके से बनाए जाने की मांग करते हुए कहा कि कुंभ मेले में पूरे देश से लाखों संत महंत और श्रद्धालु शामिल होंगे। भूपतवाला संत बाहुल्य क्षेत्र है। अनेक प्रमुख आश्रम और मंदिर इसी क्षेत्र में स्थित हैं। क्षेत्र की सड़कों की स्थिति को लेकर संत समाज चिंतित है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए तेजी से कदम उठाने चाहिए। जिससे कुंभ मेले में आने वाले संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।

Related Articles

Back to top button