भारतीय योग संस्थान ने मनाया 60वां योग दिवस

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। भारतीय योग संस्थान की ओर से हरिद्वार स्थित सैनी आश्रम में 60वां योग दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर भजनों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कारण मल्होत्रा, डॉ. उधम सिंह, प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले सहित पदाधिकारियों एवं जिला प्रधानों ने मां सरस्वती और संस्थान के संस्थापक प्रकाश लाल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्वी जिले की साधिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं साधकों का स्वागत करते हुए योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि कारण मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय योग संस्थान विश्वभर में योग का संदेश पहुंचाने और समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

डॉ. उधम सिंह ने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम में साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। हरिद्वार के विभिन्न जिलों की ओर से योग गीत की प्रस्तुति भी दी गई। आयोजन में करीब 400 साधकों सहित संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्वी जिले की प्रधान सुधा जैन ने किया। समारोह को सफल बनाने में पांचों जिलों के पदाधिकारियों एवं उनकी टीमों का विशेष योगदान रहा।



