उत्तराखंड

मेयर किरण जैसल व नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को नमन

कलयुग दर्शन (24×7)

विजय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर निगम कार्यालय में मेयर किरण जैसल ने नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के साथ ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के दौरान आनंदमयी सेवा सदन बालिका म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मेयर ने छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मेयर किरण जैसल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला और बच्चों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने सत्य, सादगी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की आधारशिला है और उसे महान व्यक्तित्वों के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, छात्राएं एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button