जेनिका हेल्थ केयर के श्रमिकों को कंपनी गेट पर रोका, वेतन और फंड न मिलने का आरोप

कलयुग दर्शन (24×7)
अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)
हरिद्वार। भेल एनसीरी स्थित जेनिका हेल्थ केयर कंपनी के श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर शोषण करने और वेतन व फंड का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें कंपनी से बाहर कर दिया गया है और ड्यूटी पर आने से रोका जा रहा है। साथ ही, श्रमिकों पर इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। श्रमिकों के अनुसार कंपनी प्रबंधन ने मुख्य गेट पर श्रमिकों के प्रवेश पर रोक संबंधी नोटिस चस्पा कर दिया है।

इसके विरोध में बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी के बाहर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए। श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए उनके बकाया वेतन और फंड का भुगतान करने तथा उन्हें दोबारा कार्य पर लेने की मांग की। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी की है।



