पैक्स कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल
छह माह से सालभर तक वेतन नहीं मिलने का आरोप, 5 अक्टूबर से देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र की बहुउद्देशीय सहकारी समितियों (पैक्स) में तैनात सचिवों और कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर एक अक्टूबर से कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई समितियों में छह माह से लेकर एक साल तक वेतन नहीं मिला है, जिससे परिवार का खर्च और बच्चों की फीस जुटाना मुश्किल हो गया है। सचिव एवं कर्मचारी संयुक्त संगठन उत्तराखंड के पदाधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों ने 18 सितंबर से सूचनाओं, बैठकों, मेलों और कैंपों का बहिष्कार शुरू किया था। अब प्रदेशभर में कामकाज बंद कर दिया गया है। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 5 अक्टूबर से देहरादून स्थित निदेशक कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

कर्मचारियों ने एम-पैक्स व्यवस्था में सुधार, समितियों के पंजीकरण एवं संचालन संबंधी समस्याओं के समाधान, कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा, लंबित मांगों पर शासनादेश जारी करने तथा पेंशन एवं अन्य सेवा लाभ देने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से समितियों के दैनिक खर्च और संचालन पर भी असर पड़ रहा है। इस संबंध में जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनारे से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बयान देने से इनकार कर दिया। वहीं कृषि निदेशक कार्यालय के एक अधिकारी ने खुद को सचिवालय, लखनऊ में होने की बात कही। अधिकारियों की प्रतिक्रिया नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी है।



