उत्तराखंड

रुड़की में नकली पनीर निर्माण इकाई पर छापा, 2 क्विंटल पनीर नष्ट

पामोलीन ऑयल व स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर बनाने का आरोप, इकाई अनिश्चितकाल के लिए बंद

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

रुड़की। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार रात रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनंतपुर स्थित पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में की गई। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार तथा पुलिस टीम की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान पनीर निर्माण इकाई में पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार किए जाने का मामला सामने आया। मौके से करीब 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। पनीर निर्माता ने पामोलीन ऑयल व स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार कर बाजार में करीब 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की बात स्वीकार की।

कार्रवाई के दौरान करीब 2 क्विंटल सेमी-प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया गया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर दिया गया। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ के निर्माण के चलते पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है। विभाग ने पनीर, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे हैं। पनीर निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button