उत्तराखंड

रानीपुर में सीवरेज-पेयजल योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

विधायक आदेश चौहान ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) एवं पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में संचालित, प्रस्तावित और आगामी सीवरेज व पेयजल योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए। बैठक में KFW योजना फेस-2 के तहत जगजीतपुर में चल रहे सीवरेज कार्य की समीक्षा की गई। विधायक ने शेष सीवर लाइन का कार्य जल्द पूरा कराने तथा लाइन डालने के बाद हुई रोड कटिंग को तत्काल दुरुस्त कर सड़कें पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए। KFW फेस-3 के तहत सीतापुर एवं हरिलोक-राजलोक क्षेत्र में प्रस्तावित सीवरेज लाइन की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी अधिकारियों ने दी।

विधायक ने इसी माह कार्य शुरू कराने को कहा। वहीं करीब 180 करोड़ रुपये की KFW फेस-4 योजना के तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर व आसपास की कॉलोनियों में सीवरेज लाइन और एसपीएस निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने योजना की फाइनल DPR एवं आवश्यक रिपोर्ट जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में करीब 125 करोड़ रुपये की जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा हुई। योजना के तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर और केशव नगर में पेयजल सुविधाओं को बेहतर किया जाना है। अधिकारियों ने बताया कि DPR और सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है तथा PMC को कार्य सौंपा गया है।

विधायक ने शासन से स्वीकृति लेकर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सीवरेज और पेयजल से जुड़ी योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी करने और कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय अधिकारियों के अलावा पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button