उत्तराखंड

जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जवाहर खान उर्फ झीवरहेड़ी गांव में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्राम प्रधान प्रदीप सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से सुल्तानपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग करीब चार वर्षों से जर्जर है, लेकिन शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिससे राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद शहजाद और लोनिवि अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे कूड़ा-कचरा और मृत पशु डाले जाने का भी आरोप लगाया। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से सड़क के साथ सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर आमरण अनशन किया जाएगा। प्रदर्शन में गौरव सैनी, पवन सैनी, मनोज कुमार, सतीश कुमार, नाजिम, तेजपाल, योगेश, राजकुमार, सोनू और टिंकु समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। जल्द बनेगा एस्टीमेट: लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे ने बताया कि सड़क की समस्या उनके संज्ञान में नहीं थी। उन्होंने कहा कि जल्द सड़क का एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार सड़क निर्माण कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button