तीन महीने से लापता 14 वर्षीय छात्र हरिद्वार में सकुशल मिला
AHTU ने हर की पौड़ी क्षेत्र से किया रेस्क्यू, परिजनों को सौंपा

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने तीन महीने से लापता 14 वर्षीय छात्र को हर की पौड़ी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों से मिला दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। भिलाई, दुर्ग निवासी उदय पाल यादव का 14 वर्षीय पुत्र ऋतिक कक्षा आठ का छात्र है। वह 30 जून 2026 को स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद पिता ने थाना जामुल, दुर्ग-भिलाई में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। AHTU टीम ने हर की पौड़ी क्षेत्र से ऋतिक को दयनीय अवस्था में रेस्क्यू किया। पूछताछ में पता चला कि वह करीब चार दिन पहले ट्रेन से छत्तीसगढ़ से लखनऊ, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए हरिद्वार पहुंचा था। पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही पिता हरिद्वार पहुंचे। आवश्यक विधिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद बाल कल्याण समिति हरिद्वार के अध्यक्ष के आदेश पर बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पिता ने हरिद्वार पुलिस और AHTU टीम का आभार जताया। रेस्क्यू टीम में एसआई राखी रावत, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल बिना गोदियाल, कांस्टेबल मुकेश कुमार, दीपक चंद और दीपक डबराल शामिल रहे।



