उत्तराखंड

नवरात्रि और यात्रा सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, छह नमूने लिए

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। आगामी नवरात्रि पर्व एवं यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमा आनंद जोशी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के तहत कनखल स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के वेयरहाउस का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां संदेह के आधार पर कुट्टू के आटे के दो और पनीर के दो, कुल चार विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान कार्मिकों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट, चूहों की रोकथाम से संबंधित प्रावधान तथा एफएसएमएस प्लान आदि अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा जगजीतपुर कनखल स्थित सुकून बाय द गंगेज होटल, जिसका संचालन परफेक्ट स्टेज होटल्स एंड रिजॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

टीम ने आटा और चावल के दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान किचन में कुछ कच्चे खाद्य पदार्थ एक्सपायरी तिथि के बाद भी उपयोग किए जाते पाए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई। होटल प्रबंधन द्वारा कार्मिकों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट, पेयजल जांच रिपोर्ट एवं खाद्य पदार्थों की जांच संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने संबंधित अभिलेख एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए कुल छह विधिक नमूने लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि आगामी नवरात्रि पर्व और यात्रा सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट की रोकथाम के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button