उत्तराखंड

पड़ोसी महिला ने उड़ाए पांच लाख के जेवर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कनखल में चोरी का खुलासा, सोने-चांदी के आभूषण बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। कनखल के गुरुबक्श विहार में घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में पीड़ित की पड़ोस में रहने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए हैं। गुरुबक्श विहार निवासी नितिन राठी ने दो अक्टूबर को कनखल कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि एक अक्टूबर को उनके घर से अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान उसी बिल्डिंग में पीड़ित के पड़ोस में रहने वाली एक महिला की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने छह अक्टूबर को महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये है। आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button